Last Updated:
German Open 2026: किदांबी श्रीकांत और तन्वी शर्मा जर्मन ओपन सुपर 300 में भारत की अगुआई करेंगे, तन्वी वोंग लिंग चिंग से भिड़ेंगी, मालविका बंसोड़, इशारानी बरुआ, तस्नीम मीर भी चुनौती देंगी.

मुल्हेम आन डेर रुर: अनुभवी बैडमिंटन खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत और विश्व जूनियर चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता तन्वी शर्मा मंगलवार से यहां शुरू हो रहे जर्मन ओपन सुपर 300 टूर्नामेंट में भारत की चुनौती की अगुआई करेंगे. दुनिया के पूर्व नंबर एक खिलाड़ी श्रीकांत ने पिछले सत्र में मलेशिया मास्टर्स सुपर 500 और सैयद मोदी अंतरराष्ट्रीय सुपर 300 में उप विजेता रहते हुए अच्छा प्रदर्शन किया था लेकिन खिताब जीतने में नाकाम रहे.
श्रीकांत रैंकिंग में 82वें स्थान पर खिसक गए थे, लेकिन यह 31 साल का खिलाड़ी वापसी करते हुए 32वें स्थान पर आ गया है. वह अपने अभियान की शुरुआत एक क्वालीफायर के खिलाफ करेंगे.
महिला एकल विश्व रैंकिंग में 40वें स्थान पर काबिज 16 साल की तन्वी पहले दौर में मलेशिया की वोंग लिंग चिंग से भिड़ेंगी. तन्वी ने इस सत्र की शुरुआत में इंडिया ओपन और इंडोनेशिया मास्टर्स में दुनिया की नंबर दो वांग जी यी और दुनिया की नंबर 12वें नंबर की खिलाड़ी तोमोका मियाजाकी को तीन गेम तक संघर्ष करने के लिए मजबूर किया था, उन्होंने एशिया बैडमिंटन टीम चैंपियनशिप में दुनिया की 17वें नंबर की खिलाड़ी बुसानन ओंगबामरुंगफान को हराया था.
दुनिया की 51वें नंबर की खिलाड़ी मालविका बंसोड़ अपने अभियान की शुरुआत डेनमार्क की लाइन होजमार्क जार्सफेल्ड के खिलाफ करेंगी जबकि दुनिया की 45वें नंबर की खिलाड़ी इशारानी बरुआ का मुकाबला थाईलैंड की पोर्नपावी चोचुवोंग से होगा.
तस्नीम मीर को पहले दौर में चीन की शीर्ष वरीय वांग झी यी की कड़ी चुनौती का सामना करना होगा. पुरुषों के एकल ड्रॉ में किरण जॉर्ज का मुकाबला फ्रांस के क्रिस्टो पोपोव से होगा जबकि थारुन मन्नेपल्ली चीनी ताइपे के वांग जू वेई से भिड़ेंगे.
क्वालीफिकेशन में आकर्षि कश्यप का मुकाबला चीनी ताइपे की पाई यू पो से होगा. महिला युगल में अश्विनी भट और शिखा गौतम की भारतीय जोड़ी अपने अभियान की शुरुआत सू यिन हुई और लिन झिह युन की चीनी ताइपे की जोड़ी के खिलाफ करेगी.
About the Author

अंशुल तलमले फरवरी 2025 से नेटवर्क18 ग्रुप में डिप्टी न्यूज एडिटर की जर्सी पहनकर स्पोर्ट्स डेस्क की कप्तानी कर रहे हैं. जबरदस्त स्ट्राइक रेट के साथ पिछले एक दशक से उनकी नाबाद पारी जारी है. अपनी ऑलराउंड क्षमता के…और पढ़ें















Leave a Reply