लक्ष्य सेन ने लगातार दूसरा मैच जीतकर क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह, ऑल इंग्लैंड ओपन में लोंग से किया हिसाब बराबर

Spread the love


Last Updated:

Lakshya Sen quarter final: लक्ष्य सेन ने लगातार दूसरा मुकाबला जीतकर ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल में जगह बना लिया है. उन्होंने प्री क्वार्टर में हांगकांग के एनजी का लोंग एंगस को कड़े मुकाबले में हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया.

लक्ष्य सेन ने लगातार दूसरा मैच जीतकर क्वार्टर फाइनल में बनाई जगहZoom

लक्ष्य सेन ने लगातार दूसरा मैच जीतकर अंतिम 8 में बनाई जगह.

बर्मिंघम. भारतीय शटलर लक्ष्य सेन ने प्रतिष्ठित ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप के पुरुष एकल प्री-क्वार्टर फाइनल में हांगकांग के एनजी का लोंग एंगस को कड़े मुकाबले में हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया. विश्व रैंकिंग में 12वें स्थान पर काबिज लक्ष्य ने बेहद तेज और आक्रामक खेल दिखाते हुए रैंकिंग में शीर्ष-10 खिलाड़ी रह चुके लोंग को तीन गेम के रोमांचक मुकाबले में 21-19, 21-23, 21-10 से पराजित किया.

इस टूर्नामेंट के 2022 सत्र के उपविजेता रह चुके लक्ष्य अब क्वार्टर फाइनल में चीन के छठी वरीयता प्राप्त ली शी फेंग या आयरलैंड के न्हात गुयेन में से किसी एक से भिड़ेंगे. विश्व चैंपियनशिप (2021) के कांस्य पदक विजेता लक्ष्य इससे पहले लोंग के खिलाफ खेले तीनों मैचों में हार का सामना कर चुके थे. वह पहले गेम की शुरुआत में 4-6 से पीछे चल रहे थे. उन्होंने हालांकि शानदार वापसी करते हुए 15-11 की बढ़त बना ली और आक्रामक रिटर्न तथा सटीक प्लेसमेंट से दबाव बनाए रखा.

लक्ष्य ने सटीक ओवरहेड शॉट से स्कोर 17-13 कर दिया, लेकिन लोंग ने जोरदार जवाब देते हुए अंतर कम कर लिया। 19-19 की बराबरी के बाद लक्ष्य ने एक और दमदार स्मैश से गेम प्वाइंट हासिल किया और प्रतिद्वंद्वी का शॉट बाहर जाने पर पहला गेम अपने नाम कर लिया. लक्ष्य ने दूसरे गेम में क्रॉस-कोर्ट स्मैश के साथ शानदार शुरुआत की और ब्रेक तक 11-4 की बढ़त बना ली। उन्होंने ताकत और सटीकता का बेहतरीन संतुलन दिखाते हुए स्कोर 14-7 कर दिया.

भारतीय खिलाड़ी को इसके बाद लय बनाए रखने में परेशानी हुई और लोंग ने जोरदार वापसी करते हुए लगातार पांच अंक जीतकर स्कोर 19-17 तक पहुंचा दिया। लक्ष्य के पास तीन मैच प्वाइंट आए, लेकिन वह उन्हें भुना नहीं सके.  हांगकांग के खिलाड़ी ने 20-20 की बराबरी कर गेम प्वाइंट हासिल किया और लक्ष्य के नेट में शॉट मारने के साथ मैच को निर्णायक गेम में पहुंचा दिया.

लोंग दूसरे गेम में भारतीय खिलाड़ी को टक्कर देने के बाद तीसरे गेम में इस दमखम को जारी नहीं रख सके. लक्ष्य ने इस दौरान शानदार मानसिक मजबूती दिखाई. उन्होंने तेज और आक्रामक खेल के दम पर 6-2 की बढ़त बना ली. उनके मजबूत डिफेंस के सामने लोंग लगातार अंक बनाने में संघर्ष करते दिखे.  भारतीय खिलाड़ी ने क्रॉस-कोर्ट शॉट से स्कोर 10-4 कर दिया और फिर अपने दबदबे को बढ़ाते हुए स्कोर 18-7 तक पहुंचा दिया.

एनजी का लोंग ने वापसी की कोशिश की, लेकिन लक्ष्य की शानदार रक्षात्मक क्षमता और फुर्ती के आगे वह सफल नहीं हो सके. लक्ष्य ने कई मैच प्वाइंट हासिल किए और हांगकांग के खिलाड़ी का एक और शॉट बाहर जाने के साथ मुकाबला अपने नाम कर क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की कर ली.

About the Author

authorimg

Kamlesh Raiचीफ सब एडिटर

करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *