Cabbage Cleaning Tips। पत्ता गोभी साफ करने का तरीका

Spread the love


Cabbages Cleaning Tips: सर्दी का मौसम आते ही बाजार में हरी-भरी सब्जियों की भरमार दिखने लगती है. पालक, मेथी, गाजर और पत्ता गोभी जैसी सब्जियां हर घर की रसोई में जगह बना लेती हैं. इन्हीं में से एक है पत्ता गोभी, जिसे लोग सलाद, सब्जी, मंचूरियन, कोफ्ता और कई चाइनीज डिशेज में बड़े चाव से खाते हैं. स्वाद में हल्की और बनाने में आसान होने की वजह से पत्ता गोभी ज्यादातर लोगों की पसंदीदा सब्जी बन चुकी है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि बाहर से साफ दिखने वाली पत्ता गोभी के अंदर छोटे-छोटे कीड़े छिपे हो सकते हैं? ये कीड़े गोभी की पत्तियों की अंदरूनी परतों में रहते हैं, जो आमतौर पर नजर नहीं आते. कई बार लोग गोभी को सिर्फ ऊपर से धोकर काट लेते हैं और पकाना शुरू कर देते हैं.

यही लापरवाही आगे चलकर सेहत पर भारी पड़ सकती है, अगर पत्ता गोभी को सही तरीके से साफ न किया जाए, तो इनमें मौजूद कीड़े और बैक्टीरिया शरीर में जाकर पेट दर्द, उल्टी, दस्त और फूड पॉइजनिंग जैसी दिक्कतें पैदा कर सकते हैं. कुछ मामलों में हालात इतने बिगड़ जाते हैं कि जान तक खतरे में पड़ जाती है.

खासकर बच्चों, बुजुर्गों और कमजोर इम्युनिटी वाले लोगों के लिए यह और भी ज्यादा खतरनाक हो सकता है. इसलिए पत्ता गोभी को काटने या पकाने से पहले सही तरीके से साफ करना बेहद जरूरी है. सिर्फ पानी से धो लेना काफी नहीं होता. इस लेख में हम आपको पत्ता गोभी साफ करने का ऐसा आसान और असरदार तरीका बताएंगे, जिससे कीड़े पूरी तरह बाहर निकल जाएंगे और आपकी सेहत सुरक्षित रहेगी.

पत्ता गोभी में कीड़े क्यों होते हैं
पत्ता गोभी जमीन के पास उगने वाली सब्जी है. इसकी पत्तियां परतों में होती हैं, जो कीड़ों के छिपने के लिए सबसे सुरक्षित जगह बन जाती हैं. खेतों में कीटनाशक का इस्तेमाल भी किया जाता है, जिसकी वजह से कुछ कीड़े अंदर ही मर जाते हैं या छिपे रह जाते हैं. ऊपर से गोभी जितनी सख्त दिखती है, अंदर उतनी ही नाजुक होती है, जहां कीड़े आसानी से रह सकते हैं.

सिर्फ ऊपर से धोना क्यों नहीं है सही
अकसर लोग सोचते हैं कि नल के पानी से धोने से गोभी साफ हो जाती है. सच यह है कि पानी सिर्फ ऊपर की गंदगी हटाता है. अंदर की परतों में छिपे कीड़े और बैक्टीरिया वैसे ही रह जाते हैं. यही वजह है कि सही तरीके से गोभी साफ करना जरूरी माना जाता है.

पत्ता गोभी साफ करने का सही और सुरक्षित तरीका
अगर आप चाहते हैं कि पत्ता गोभी पूरी तरह कीड़ों से मुक्त हो जाए, तो नीचे बताए गए स्टेप्स को जरूर अपनाएं.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

1. बाहरी पत्तियां हटाएं
सबसे पहले पत्ता गोभी की ऊपर की 2 या 3 पत्तियां निकालकर फेंक दें. इन्हीं पत्तियों पर सबसे ज्यादा धूल, मिट्टी, कीटनाशक और कीड़े चिपके होते हैं.

2. गोभी को काटें
अब एक साफ और तेज चाकू की मदद से पत्ता गोभी को बीच से दो या चार हिस्सों में काट लें. इससे अंदर की परतें खुल जाती हैं और छिपे हुए कीड़े नजर आने लगते हैं.

Cabbage Cleaning Tips

3. नमक या सिरके वाले पानी में भिगोएं
एक बड़े और गहरे बर्तन में साफ पानी भरें. इसमें एक से दो चम्मच नमक या थोड़ा सा सिरका मिला दें. अब कटे हुए गोभी के टुकड़ों को इस पानी में पूरी तरह डुबोकर 10 से 15 मिनट तक छोड़ दें.

4. कीड़े खुद बाहर आ जाएंगे
नमक या सिरके का असर होते ही अंदर छिपे कीड़े पत्तियों से बाहर निकलकर पानी में तैरने लगते हैं, अगर ध्यान से देखें तो आपको छोटे-छोटे कीड़े पानी में दिख जाएंगे.

5. बहते पानी से अच्छे से धोएं
समय पूरा होने के बाद गोभी को बाहर निकालें और साफ बहते पानी में 2 से 3 बार धोएं. हर पत्ती को हल्का-सा खोलकर धोना जरूरी है, ताकि कोई गंदगी अंदर न रह जाए.

Cabbage Cleaning Tips

6. पानी अच्छे से निथार लें
अंत में गोभी को छलनी या टोकरी में रख दें, ताकि सारा अतिरिक्त पानी निकल जाए. पानी सूख जाने के बाद गोभी पकाने या सलाद बनाने के लिए पूरी तरह सुरक्षित हो जाती है.

इन बातों का भी रखें ध्यान
बहुत ज्यादा देर तक गोभी को पानी में भिगोकर न रखें. गुनगुना पानी इस्तेमाल न करें. साफ बर्तन और साफ पानी का ही इस्तेमाल करें. बच्चों के खाने में जाने वाली गोभी को खास ध्यान से साफ करें.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *