
टी20 वर्ल्ड कप में भारत-पाकिस्तान ने तोड़े पुराने रिकॉर्ड | Image:
Social media
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत बनाम पाकिस्तान मुकाबले ने मैदान के साथ-साथ डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी इतिहास रच दिया। 15 फरवरी 2026 को खेले गए इस महामुकाबले को लेकर फैंस में जबरदस्त क्रेज देखने को मिला, जिसका नतीजा रिकॉर्डतोड़ व्यूअरशिप के रूप में सामने आया।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के आधिकारिक डिजिटल और ब्रॉडकास्ट पार्टनर जिओस्टार के अनुसार, इस मैच को 163 मिलियन यानी 16.3 करोड़ की रिकॉर्ड डिजिटल रीच मिली। इसके साथ ही यह मुकाबला आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे ज्यादा देखा जाने वाला मैच बन गया। इसने 2024 के भारत बनाम साउथ अफ्रीका फाइनल के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया।
डिजिटल प्लेटफॉर्म पर छाया भारत-पाक मैच
इस महामुकाबले को Jio Hotstar ऐप और वेबसाइट पर 45.4 करोड़ यानी 454 मिलियन से ज्यादा व्यूज मिले। मोबाइल फोन, स्मार्ट टीवी और अन्य डिजिटल डिवाइस पर फैंस ने बड़ी संख्या में लाइव मैच देखा।
इससे पहले 7 फरवरी 2026 को हुआ भारत बनाम अमेरिका मैच 260 मिलियन व्यूज तक गया। वहीं भारत बनाम नामीबिया मैच 240 मिलियन व्यूज तक गया था। लेकिन ये दोनों मुकाबले भी भारत-पाकिस्तान मैच की व्यूअरशिप से काफी पीछे रहे हैं।
20 अरब मिनट का वॉच टाइम, 56% की बड़ी बढ़त
इस मुकाबले को सभी स्क्रीनों पर मिलाकर 20 अरब मिनट का कुल वॉच टाइम मिला। यह पिछले संस्करण की तुलना में 42% ज्यादा है। वहीं, भारत बनाम पाकिस्तान के 2024 मुकाबले की तुलना में डिजिटल दर्शकों की संख्या में 56% की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इस शानदार आंकड़े के पीछे भारतीय टीम का दमदार प्रदर्शन भी बड़ी वजह रहा।
भारत की एकतरफा जीत ने जीता दिल
कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए इस मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 175 रन बनाए। ईशान किशन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 40 गेंदों में 77 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और 3 छक्के शामिल थे।
जवाब में पाकिस्तान की टीम 18 ओवर में सिर्फ 114 रन पर ऑलआउट हो गई। भारतीय गेंदबाजों हार्दिक पांड्या, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने शानदार प्रदर्शन किया और पाकिस्तान की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। भारत ने यह मुकाबला 61 रन से जीत लिया और टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ अपना रिकॉर्ड 8-1 कर लिया।
सुपर-8 में पहुंचा भारत, पाकिस्तान पर संकट
इस जीत के साथ भारत तीन मैचों में 6 अंकों के साथ ग्रुप A में टॉप पर पहुंच गया और सुपर-8 में क्वालीफाई करने वाली पहली टीम बन गया। वहीं पाकिस्तान के लिए आगे का रास्ता मुश्किल हो गया है। टूर्नामेंट में बने रहने के लिए अब उसे नामीबिया के खिलाफ हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी।
क्यों खास है भारत-पाक मैच?
भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मुकाबला सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि जज्बात, रोमांच और जुनून का संगम होता है। यही वजह है कि यह मुकाबला हर बार व्यूअरशिप के नए रिकॉर्ड बनाता है।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 का भारत-पाकिस्तान मैच खेल के साथ-साथ व्यूअरशिप के मामले में भी सुपरहिट साबित हुआ और एक बार फिर साबित कर दिया कि यह दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट राइवलरी है।















Leave a Reply