
T20 World Cup 2026 Semifinal Equation | Image:
ANI
T20 World Cup 2026: ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है और सेमीफाइनल की तस्वीर लगभग साफ हो गई है। भारतीय क्रिकेट फैंस की नजरें अब इस बात पर टिकी हैं कि क्या टीम इंडिया सेमीफाइनल में जगह बना पाएगी और अगर ऐसा होता है, तो उसका सामना किस मजबूत टीम से होगा?
1 मार्च को करो या मरो का मुकाबला
सुपर-8 के मौजूदा समीकरणों को देखें तो भारत के लिए सेमीफाइनल की राह अब वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाले ‘करो या मरो’ वाले मुकाबले पर टिकी है। 1 मार्च को होने वाला यह मैच तय करेगा कि ग्रुप-1 से सेमीफाइनल में पहुंचने वाली दूसरी टीम कौन सी होगी।
सेमीफाइनल के लिए तीन टीमें तय
टूर्नामेंट में अब तक इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। वहीं, न्यूजीलैंड को अच्छे नेट रन-रेट के चलते आज सेमीफाइनल में एंट्री मिल गई।
इंग्लैंड अपने ग्रुप में टॉप पर रहकर क्वालीफाई कर चुका है, वहीं साउथ अफ्रीका ग्रुप-1 में लगातार दो जीत के साथ शीर्ष पर काबिज है। अब बाकी बचे एक स्थान के लिए भारत और वेस्टइंडीज के बीच 1 मार्च को जबरदस्त खींचतान होगी। जो भी टीम यह मैच जीतेगी, वह 4 अंकों के साथ सेमीफाइनल का टिकट कटा लेगी।
सुपर-8 में पॉइंट्स टेबल
साउथ अफ्रीका 4 अंकों के साथ सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर चुका है। वेस्टइंडीज और भारत दोनों के पास 2-2 अंक हैं, लेकिन बेहतर नेट रनरेट (+1.791) की वजह से वेस्टइंडीज अभी दूसरे स्थान पर है। भारत का नेट रनरेट (-0.100) चिंता का विषय है, इसलिए भारत को न केवल जीतना होगा, बल्कि रनरेट का भी ध्यान रखना होगा। जिम्बाब्वे इस दौड़ से बाहर हो चुका है।
वहीं, ग्रुप-2 में इंग्लैंड 6 अंकों के साथ अपने ग्रुप में क्वालीफाई कर चुका है। दूसरे स्थान के लिए न्यूजीलैंड ने 3 अंक के साथ क्वालीफाई कर लिया है। श्रीलंका की टीम तीनों मैच हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई है।
सेमीफाइनल में किससे भिड़ेगा भारत?
ICC के नियमों के मुताबिक, सेमीफाइनल में ग्रुप-1 की टॉप टीम का मुकाबला दूसरे ग्रुप की दूसरे नंबर की टीम से होता है। वहीं, ग्रुप-2 की टॉप टीम का सामना पहले ग्रुप की दूसरे नंबर की टीम से होता है। समीकरणों के अनुसार, यदि भारत वेस्टइंडीज को हराकर सेमीफाइनल में पहुंचता है, तो वह ग्रुप-1 में दूसरे स्थान पर रहेगा। क्योंकि साउथ अफ्रीका पहले ही 4 अंकों और बेहतर रनरेट के साथ टॉप पर है।
ऐसे में भारत का मुकाबला सेमीफाइनल में इंग्लैंड से होगा, क्योंकि इंग्लैंड अपने ग्रुप-2 में पहले नंबर पर है। वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका का सामना न्यूजीलैंड से होगा।














Leave a Reply