Last Updated:
FIH Pro League: भारतीय हॉकी टीम का घर के बाहर भी हार का सिलसिला जारी है. नए कप्तान हार्दिक सिंह की कप्तानी में भी भारत ने ऑस्ट्रेलिया में हार से शुरुआत की. स्पेन ने भारत को एफआईएच प्रो लीग मैच में 2-0 से हरा दिया. इससे पहले भारत को राउरकेला में घरेलू चरण में विरोधी टीमों से बुरी तरह हार मिली थी. बेल्जियम और अर्जेंटीना ने भारत को दो-दो बार हराया था.

भारतीय हॉकी टीम को स्पेन ने हराया.
होबार्ट. भारतीय टीम की एफआईएच पुरुष प्रो लीग में वापसी की उम्मीदें स्पेन से 0-2 की हार के बाद टूट गईं. अब भारत रविवार को प्रो लीग के होबार्ट चरण के अपने दूसरे मैच में मेजबान ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगा. भारतीय टीम की खराब फॉर्म जारी रही. स्पेन के लिए इग्नासियो अबाजो ने छठे मिनट और इग्नासियो कोबोस ने 36वें मिनट में गोल किए. स्पेन ने मौकों का फायदा उठाया जबकि भारत लगातार आक्रमण के बावजूद अच्छे मौके नहीं भुना पाया. राउरकेला में घरेलू चरण में भारत को विरोधी टीमों से बुरी तरह हार मिली थी.
बेल्जियम और अर्जेंटीना से दो-दो हार झेलने के बाद भारतीय टीम विदेशी चरण में नए कप्तान हार्दिक सिंह के साथ वापसी और नई शुरुआत की उम्मीद कर रही थी. भारत ने मैच की शुरुआत तेज पासिंग से की और शुरू में ही नियंत्रण बनाने की कोशिश की लेकिन स्पेन का जवाबी हमला असरदार रहा. अबाजो ने ऐसे ही एक मूव का फायदा उठाकर स्पेन को शुरुआती बढ़त दिलाई. भारतीय टीम ने कई अच्छे मौके बनाए और क्वार्टर के आखिर में लगभग बराबरी कर ही ली थी जब अभिषेक ने जोरदार शॉट लगाया लेकिन स्पेनिश गोलकीपर लुइस कैलजाडो ने शानदार बचाव किया.
भारतीय हॉकी टीम को स्पेन ने हराया.
दूसरे क्वार्टर में दोनों टीमों ने आक्रामक खेल दिखाया और मौके बनाए लेकिन कोई गोल नहीं हुआ. स्पेन को मैच का दूसरा पेनल्टी कॉर्नर 24वें मिनट में मिला, लेकिन भारतीय गोलकीपर सूरज करकेरा ने उसे रोक लिया. पहले हाफ के आखिरी मिनटों में स्पेन ने लगातार दबाव बनाया लेकिन भारतीय टीम ने जवाबी हमलों से उसे रोक दिया. दोनों टीमों ने गोल करने की कोशिश की, लेकिन कोई गोल नहीं हुआ.
स्पेन पहले हाफ तक 1-0 से आगे था. स्पेन का खेल आक्रामक हो गया था, इसी दौरान सूरज करकेरा ने एक और शानदार बचाव किया. आखिरकार स्पेन का दबाव काम आया जब कोबोस ने सर्कल के अंदर से गोल करके बढ़त 2-0 कर दी. स्पेन ने लगातार दबाव बनाए रखा और तीसरे क्वार्टर के आखिर में पांच पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन भारतीय डिफेंस ने मजबूती से बचाव किया. वापसी के लिए बेताब भारत ने चौथे और आखिरी क्वार्टर में अपना पहला पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया, लेकिन उसे गोल में नहीं बदल पाया. सीरीज का होबार्ट चरण 25 फरवरी तक चलेगा.
About the Author

करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें















Leave a Reply