Last Updated:
How To Clean Tea Strainer : चाय की छन्नी में जमी गंदगी और बंद छेद अब बड़ी समस्या नहीं हैं. बेकिंग सोडा, सिरका, गैस पर हल्की गर्मी या नींबू-नमक जैसे आसान उपाय अपनाकर कुछ ही मिनटों में छन्नी को साफ और नई जैसी बनाया जा सकता है.
छन्नी के बंद छेद खोलने के उपायHow To Clean Tea Strainer : घर में चाय बनाना हमारी रोज़मर्रा की आदतों में शामिल है. दिन की शुरुआत हो या शाम की थकान, एक कप चाय हर मौके पर साथ देती है. लेकिन रोज़ाना चाय बनाते-बनाते चाय की छन्नी पर काले दाग और गंदगी जमने लगती है. शुरुआत में ये मैल हल्की होती है, लेकिन समय के साथ छन्नी के छोटे-छोटे छेद पूरी तरह बंद हो जाते हैं. जब छेद ब्लॉक हो जाते हैं तो चाय छानना मुश्किल हो जाता है और कई बार चाय की पत्तियां सीधे कप में गिर जाती हैं. अक्सर लोग इस समस्या से परेशान होकर नई छन्नी खरीद लेते हैं, जबकि पुरानी छन्नी को साफ करना बहुत आसान होता है. सही तरीका अपनाया जाए तो कुछ ही मिनटों में जमी हुई गंदगी हटाई जा सकती है.
अच्छी बात यह है कि इसके लिए किसी महंगे केमिकल की जरूरत नहीं पड़ती. आपकी रसोई में मौजूद आम चीज़ें ही इस काम के लिए काफी हैं. अगर आप भी चाय की छन्नी की जिद्दी मैल से परेशान हैं, तो नीचे बताए गए आसान और असरदार उपाय आपके बहुत काम आएंगे.
चाय की छन्नी पर क्यों जम जाती है गंदगी
चाय की पत्तियों में मौजूद रंग और तेल धीरे-धीरे छन्नी पर जमने लगते हैं. बार-बार सिर्फ पानी से धोने पर ये दाग साफ नहीं होते और समय के साथ छेद बंद होने लगते हैं. यही कारण है कि छन्नी पुरानी और गंदी दिखने लगती है.
बेकिंग सोडा और सिरका का असरदार उपाय
अगर छन्नी में काली मैल जम गई है तो यह तरीका सबसे आसान है.
एक बर्तन में तीन गिलास पानी डालकर गैस पर रखें. पानी उबलने लगे तो उसमें दो चम्मच सिरका, एक चम्मच बेकिंग सोडा और थोड़ा सा डिश वॉशिंग लिक्विड डालें. अब इस उबलते पानी में चाय की छन्नी डाल दें और करीब 10 मिनट तक रहने दें.
इसके बाद छन्नी बाहर निकालें और पुराने टूथब्रश से हल्के हाथ से साफ करें. आप देखेंगे कि जमी हुई गंदगी आसानी से निकलने लगेगी और छेद खुल जाएंगे. यह तरीका स्टील और प्लास्टिक दोनों तरह की छन्नी पर काम करता है.
गैस पर हल्का गरम करके करें सफाई
यह उपाय खास तौर पर स्टील की छन्नी के लिए बहुत कारगर है.
छन्नी को गैस पर जाली वाली साइड से हल्का सा गरम करें. कुछ ही देर में चाय की पत्तियां और मैल जलकर ढीली पड़ने लगती हैं. अब गैस बंद करें, छन्नी को ठंडा होने दें और स्क्रबर से हल्के हाथ से साफ करें. इसके बाद पानी से धो लें. इस तरीके से फंसी हुई पत्तियां और ब्लॉकेज आसानी से निकल जाते हैं.

नींबू और नमक का घरेलू तरीका
अगर आपके पास बेकिंग सोडा नहीं है तो नींबू और नमक भी अच्छा विकल्प है.
छन्नी पर थोड़ा नमक छिड़कें और आधे नींबू से रगड़ें. कुछ मिनट बाद पानी से धो लें. इससे दाग हल्के पड़ जाते हैं और छन्नी साफ दिखने लगती है.

सफाई के बाद रखें ये बातें ध्यान
छन्नी को इस्तेमाल के बाद तुरंत धो लें. हफ्ते में एक बार गहरी सफाई करें और गीली छन्नी को बंद डिब्बे में रखने से बचें.
About the Author
मीडिया इंडस्ट्री में 8+ साल का अनुभव, ABP, NDTV, दैनिक जागरण और इंडिया न्यूज़ जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से जुड़कर काम किया। लाइफस्टाइल, धर्म और संस्कृति की कहानियों को रोचक अंदाज़ में प्रस्तुत करने का खास हुनर।…और पढ़ें















Leave a Reply