Winter Skincare Routine: जैसे ही मौसम में ठंडक बढ़ती है और हवा में नमी कम होने लगती है, सबसे पहला असर हमारी त्वचा पर दिखता है. सुबह उठते ही चेहरा खिंचा-खिंचा सा लगता है, होंठ सूखने लगते हैं और कई बार हल्की खुजली या जलन भी महसूस होती है. ठंडी और रूखी हवा त्वचा की नेचुरल नमी को तेजी से सोख लेती है, जिससे स्किन बेजान और रूखी नजर आने लगती है. खासकर जिन लोगों की त्वचा पहले से ड्राई या सेंसिटिव होती है, उन्हें इस मौसम में ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ती है. अकसर लोग सोचते हैं कि सिर्फ महंगे क्रीम या लोशन लगाने से यह दिक्कत दूर हो जाएगी, मगर सच्चाई यह है कि स्किनकेयर का सही तरीका ज्यादा जरूरी होता है, अगर रोजमर्रा की कुछ छोटी आदतों पर ध्यान दे लिया जाए और सही चीजों का इस्तेमाल किया जाए, तो ठंडी हवा के बावजूद त्वचा को नर्म, मुलायम और हेल्दी बनाए रखा जा सकता है.
इस मौसम में डेड स्किन बढ़ना, हल्की झुर्रियां दिखना और त्वचा की चमक कम होना आम बात है. ऐसे में अगर समय रहते देखभाल न की जाए, तो ये समस्याएं आगे चलकर और बढ़ सकती हैं, अगर आप भी चाहते हैं कि सर्दियों या ठंडी हवा में आपकी त्वचा खिंची हुई न लगे और चेहरा फ्रेश दिखे, तो घबराने की जरूरत नहीं है. नीचे बताए गए आसान और असरदार स्किनकेयर टिप्स आपकी त्वचा को तुरंत राहत देंगे और लंबे समय तक हेल्दी बनाए रखने में मदद करेंगे.
ह्यूमिडिटी बढ़ाने वाला DIY फेस मिस्ट अपनाएं
-ठंडी हवा में आसपास का माहौल काफी ड्राई हो जाता है, जिससे त्वचा की नमी जल्दी खत्म होने लगती है. ऐसे में दिनभर स्किन को हाइड्रेट रखना बहुत जरूरी है. इसके लिए आप घर पर ही एक आसान फेस मिस्ट बना सकते हैं.
-एक स्प्रे बोतल में गुलाबजल लें, उसमें थोड़ा सा एलोवेरा जेल मिलाएं और 2–3 बूंद नारियल तेल डालें. इसे अच्छे से हिलाकर दिन में 2–3 बार चेहरे पर हल्का स्प्रे करें. यह मिस्ट त्वचा को तुरंत ठंडक देता है, रूखापन कम करता है और स्किन को फ्रेश महसूस कराता है.
लिप और आंखों की एक्स्ट्रा केयर न भूलें
-ठंडी हवा का सबसे ज्यादा असर होंठ और आंखों के आसपास की नाजुक त्वचा पर पड़ता है. होंठ फटने लगते हैं और आंखों के नीचे ड्राई लाइन्स दिखने लगती हैं.
-रात को सोने से पहले होंठों पर शहद या नारियल तेल लगाएं. दिन में बाहर निकलते समय लिप बाम जरूर इस्तेमाल करें. आंखों के नीचे हल्की टेक्सचर वाली आई क्रीम या बादाम तेल की 1–2 बूंद हल्के हाथों से लगाएं. इससे त्वचा नरम रहती है और झुर्रियों की परेशानी कम होती है.
ओवरनाइट प्रोटेक्टिव मास्क का इस्तेमाल करें
-रात का समय स्किन रिपेयर के लिए सबसे बेहतर माना जाता है. ठंडी हवा से बचाने के लिए हफ्ते में 2–3 बार ओवरनाइट मास्क लगाना फायदेमंद होता है.
-थोड़ा सा घी लें, उसमें शहद या बादाम तेल मिलाएं और सोने से पहले चेहरे पर पतली लेयर में लगाएं. यह मिश्रण रातभर त्वचा को गहराई से पोषण देता है. सुबह हल्के गुनगुने पानी से चेहरा धो लें. आप खुद महसूस करेंगे कि त्वचा ज्यादा मुलायम और चमकदार दिख रही है.

एक्सफोलिएशन को जेंटल रखें
-ठंडी हवा में डेड स्किन तेजी से जमा होती है, जिससे त्वचा रूखी और बेजान नजर आती है. कई लोग ज्यादा स्क्रब करने लगते हैं, जो स्किन को और नुकसान पहुंचा सकता है.
-हफ्ते में सिर्फ 1 बार ओट्स और शहद से बना हल्का स्क्रब इस्तेमाल करें. बहुत हल्के हाथों से मसाज करें और तुरंत धो लें. इससे डेड स्किन निकलती है, ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है और स्किन अंदर से साफ महसूस होती है.
प्रोटेक्टिव लेयरिंग और एंटीऑक्सीडेंट्स अपनाएं
ठंडी हवा के साथ प्रदूषण भी त्वचा को नुकसान पहुंचाता है. बाहर निकलने से पहले चेहरे पर हल्का सीरम लगाएं, जिसमें विटामिन C या विटामिन E मौजूद हो. इसके ऊपर अच्छा मॉइस्चराइजर लगाएं, अगर बहुत ठंडी हवा हो तो स्कार्फ या फेस कवर से चेहरा ढक लें. यह तरीका त्वचा को रूखापन, डेड स्किन और समय से पहले बढ़ती उम्र के असर से बचाने में मदद करता है.

पानी और डाइट का रखें खास ध्यान
बाहर ठंड होने की वजह से लोग पानी पीना कम कर देते हैं, लेकिन त्वचा की नमी बनाए रखने के लिए पानी पीना बेहद जरूरी है. दिनभर थोड़ा-थोड़ा करके पानी पिएं. डाइट में मौसमी फल, ड्राई फ्रूट्स और हेल्दी फैट शामिल करें. यह त्वचा को अंदर से पोषण देता है और नेचुरल ग्लो बनाए रखने में मदद करता है.















Leave a Reply