Sweet Potato Kheer Recipe: सर्दियों की रसोई में कुछ खुशबुएं ऐसी होती हैं जो सीधे दिल से जुड़ जाती हैं. ठंडी सुबह, हल्की धूप और चूल्हे पर चढ़ी गर्मागर्म खीर बस, दिन बन जाता है. अब तक आपने चावल की खीर या गाजर का हलवा खूब खाया होगा, लेकिन इस सर्दी एक ऐसी रेसिपी सामने आई है जो स्वाद, सेहत और सादगी तीनों का जबरदस्त मेल है. हम बात कर रहे हैं शकरकंद की खीर की. शकरकंद यूं तो हर ठेले पर दिख जाता है कभी भुना हुआ, कभी उबला हुआ. लेकिन जब यही साधारण-सा दिखने वाला शकरकंद दूध, इलायची और ड्राई फ्रूट्स के साथ खीर बनकर सामने आता है, तो उसका स्वाद चौंका देता है. खास बात ये कि इसे बनाने में ज्यादा मेहनत नहीं, न ही घंटों रसोई में खड़े रहने की जरूरत. 20-30 मिनट में तैयार होने वाली यह खीर एक बार खाने के बाद बार-बार बनाने का मन करती है. यही वजह है कि सर्दियों में यह डेज़र्ट तेजी से लोगों की पसंद बन रहा है.
क्यों खास है शकरकंद की खीर?
शकरकंद को यूं ही सर्दियों का सुपरफूड नहीं कहा जाता. इसमें भरपूर फाइबर, विटामिन A, C, पोटैशियम और एंटीऑक्सीडेंट्स होते हैं. जब इसे दूध के साथ पकाया जाता है, तो यह कैल्शियम और प्रोटीन से भी भरपूर हो जाती है.
यह खीर न सिर्फ पेट भरती है, बल्कि भारीपन भी नहीं देती. कई लोग बताते हैं कि गाजर का हलवा खाने के बाद जहां थोड़ा भारी महसूस होता है, वहीं शकरकंद की खीर हल्की और आरामदेह लगती है.
सेहत के नजरिए से फायदे
-फाइबर से भरपूर होने के कारण पाचन को बेहतर बनाती है
-सर्दियों में शरीर को अंदर से गर्माहट देती है
-कम कैलोरी वाली मिठाई होने से वजन कंट्रोल में मदद
-व्रत में खाने के लिए भी उपयुक्त
घर की रसोई से जुड़ा एक स्वाद
कई घरों में शकरकंद को बच्चों की प्लेट में रखना मुश्किल होता है. लेकिन खीर के रूप में यही शकरकंद बिना किसी नखरे के खत्म हो जाता है. यही इसकी सबसे बड़ी जीत है. दादी-नानी की रेसिपी जैसा अपनापन, लेकिन आज के हेल्दी ट्विस्ट के साथ.
शकरकंद की खीर बनाने के लिए सामग्री
-शकरकंद – 4 से 5 मध्यम आकार के
-दूध – 1 लीटर (फुल क्रीम बेहतर)
-चीनी – आधा कप (या स्वादानुसार)
-इलायची पाउडर – आधा छोटा चम्मच
-कटे ड्राई फ्रूट्स – आधा कप
-घी – 1 छोटा चम्मच

बनाने का आसान तरीका
1. शकरकंद धोकर छील लें और कद्दूकस कर लें.
2. भारी तले की कड़ाही में दूध उबालें और हल्का गाढ़ा होने दें.
3. अब दूध में कद्दूकस किया शकरकंद डालें और लगातार चलाते रहें.
4. 10-15 मिनट बाद चीनी और इलायची डालें.
5. अंत में घी में हल्के भुने ड्राई फ्रूट्स डालकर गैस बंद कर दें.
गरमागरम खीर सर्व करें. ठंड में इसका स्वाद दोगुना हो जाता है.
छोटे लेकिन काम के टिप्स
अगर खीर ज्यादा गाढ़ी लगे तो थोड़ा दूध मिला सकते हैं. चीनी की जगह गुड़ या शहद इस्तेमाल करने से यह और हेल्दी हो जाती है. यही नहीं, व्रत के लिए भी यह एक शानदार विकल्प है.















Leave a Reply